भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा गौवंश को काटने के लिए तेलंगाना के कत्लखाने जा रहे 5 तस्करों को पुलिस ने धरदबोचा है। इनके कब्जे से 56 गौवंश भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पाया कि ये लोग मवेशियों को जबरन मारते-पीटते हुए जंगल के रास्ते बुच्चड़खाने ले जा रहे थे। इन गौवंश को करीबदर, मरकाटोला, बेनूर, मालेवाही, बारसूर, नागूल, मड़से, पनेड़ा, गुमड़ा, बालूद, मटेनार और अरनपुर के रास्ते तेलंगाना ले जाया जा रहा था। पुलिस को जब इस बारे में जानकारी मिली, तो टीआई धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में अभियान चलाकर आरोपियों को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि मटेनार गांव में गौठान के पास रंग-बिरंगे मवेशियों के साथ हमें कुछ लोग नजर आए। उनकी गतिविधि संदेहास्पद थीं। वे गौवंशों को लाठियों से पीटते हुए जंगल की ओर ले जा रहे थे। रोककर पूछताछ की, तो उनकी पहचान महेश मुरामी, संतोष मुरामी, बसंत मुरामी, मनकू मुरामी, राजू हेमला और विजय कुमार नागेश के तौर पर की गई। सभी आरोपी गीदम थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। सख्ती से पूछताछ पर मवेशियों को अवैध तौर पर मुलगू के कत्लखाने ले जाने की बात स्वीकार की।


