देशभर में वांटेड और 20 साल से ठगी-रंगदारी की पुश्तैनी गैंग चलाने वाले राजू ईरानी को पुलिस रविवार को सूरत से भोपाल ले आई। निशातपुरा थाना पुलिस ने शाम 5:03 बजे उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 17 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पेशी के दौरान राजू मुस्कुराते हुए कोर्ट रूम में दाखिल हुआ और खुद को निर्दोष बताता रहा। विशेष न्यायाधीश तथागत याग्निक की कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा के चलते कोर्ट परिसर के गेट बंद रखे गए। राजू की ओर से रिमांड का विरोध किया गया, लेकिन कोर्ट ने पुलिस की मांग स्वीकार कर ली। जब पुलिस रिमांड के लिए उसे ले जाने लगी तो हंसते हुए राजू बोला- जल्द छूट जाऊंगा। शनिवार को राजू को सूरत क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।


