भास्कर न्यूज | राजिम श्री साईं स्पंदन के अंतर्गत आयोजित विश्वव्यापी साईं नाम गूंज का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह दिव्य कार्यक्रम श्री साईं संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के आह्वान पर देश-विदेश के साईं मंदिरों में एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें शिरडी से लाइव प्रसारण के माध्यम से लाखों साईं भक्त ऑनलाइन जुड़े। इस पावन अवसर पर शिरडी से विशेष कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। विश्वभर के साईं भक्तों ने एक साथ जुड़कर अपने-अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा किए। भक्ति, श्रद्धा और एकात्मता से ओतप्रोत इस आयोजन ने पूरे वातावरण को साईंमय बना दिया। इसी क्रम में साईं मंदिर, राजिम में भी विश्व श्री साईं स्पंदन का भावनात्मक एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। नगर के साईं भक्त बड़ी संख्या में सपरिवार उपस्थित हुए। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक साईं नाम जाप, भजन-कीर्तन, विशेष पूजन अर्चना, आरती तथा प्रसाद वितरण किया गया। पूरा मंदिर परिसर “जय श्री साईं” के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर भक्तों ने साईं बाबा से प्राप्त प्रेरणाओं, उनके आशीर्वाद से जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों, भक्ति भाव एवं सेवा भावना से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कई श्रद्धालु भाव-विभोर होकर श्रद्धा के आंसू लिए बाबा को नमन करते नजर आए। इस आयोजन के सफल संचालन हेतु सभी भक्तों ने श्री साईं संस्थान ट्रस्ट, शिरडी को हृदय से बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में श्री साईं सेवा संस्थान, राजिम के प्रमुख मोहन सिंह ठाकुर सहित लाला साहू, किशोर शर्मा, रामकुमार साहू, राजू साहू, विष्णु साहू, विश्वजीत ठाकुर, अश्वनी ठाकुर, विजय ठाकुर, केशव ठाकुर, आयुष ठाकुर, डोमन साहू, संजय यादव, मालती ठाकुर सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि साईं बाबा की कृपा सभी पर बनी रहे तथा मानवता, प्रेम, सेवा और सद्भाव का संदेश फैलता रहे।


