सवाल 10 हजार का: केबीसी की तर्ज पर ऑडिशन लिया, फाइनल के लिए 6 प्रतिभागियों का चयन

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर श्री राधे सोशल वेलफेयर सोसाइटी और वी क्लब बैकुंठपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता ‘सवाल 10 हजार का’ का अंतिम ऑडिशन संपन्न हुआ। महल पारा रोड स्थित श्री राधे सदन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं के बीच उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर आधारित है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं में तार्किक सोच, आत्मविश्वास और सामान्य ज्ञान का विकास करना है। प्रतियोगिता के दूसरे चरण में कुल 19 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स और लॉजिकल रीजनिंग के कठिन सवालों का सामना करते हुए 6 प्रतिभागियों ने फाइनल राउंड में अपनी जगह पक्की की। चयनित प्रतिभागियों में सुरभि साहू, रवि शंकर महंत, अनंत गुप्ता, अनुराग साहू, श्रद्धा यादव और आदर्श सारथी शामिल है। कार्यक्रम के आयोजक अभय बडेरिया ने बताया कि इस पहल का मकसद केवल ज्ञान का परीक्षण करना नहीं, बल्कि बच्चों में मंच पर बोलने की क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना है। विशेष आकर्षण के रूप में, योग गुरु अनिल महाराज ने भी सत्र में शिरकत की। उन्होंने बच्चों को योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक एकाग्रता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के गुर सिखाए। प्रतियोगिता का समापन 1 फरवरी को जिला पंचायत के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। फाइनल मुकाबले के साथ-साथ यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी, जिसमें बच्चे नृत्य, गीत और नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *