5 खिलाड़ियों का संतोष ट्रॉफी व 3 का नेशनल गेम्स में चयन

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर कोरिया जिले के चरचा कॉलरी में फुटबॉल का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच न्यू स्पोर्टिंग फुटबॉल क्लब के खिलाड़ी सुबह 7 बजे से ही स्टेडियम में पसीना बहा रहे हैं। आगामी 3 फरवरी से शुरू होने वाले ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों ने एक महीने पहले ही कमर कस ली है। डीएफए के ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रदीप डे ने बताया कि चरचा में फुटबॉल का इतिहास 50 साल पुराना है। पिछले पांच दशकों से यहां निरंतर ऑल इंडिया टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा, यहां फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की पहचान बन चुका है। मैच के दौरान उमड़ने वाली दर्शकों की भीड़ इसे एक उत्सव का रूप दे देती है। न्यू स्पोर्टिंग क्लब चरचा के लिए यह वर्ष उपलब्धियों भरा रहा है। इस साल क्लब के 5 खिलाड़ियों ने प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए संतोष ट्रॉफी तक का सफर तय किया। 12 से 16 जनवरी तक हरियाणा के पानीपत में आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स (अंडर-17) के लिए चरचा क्लब से अनुराग सिंह, आयुष सिंह और अमन किंडो का चयन हुआ है। सरगुजा संभाग से कुल 6 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें बलरामपुर के राजपुर से गौरव लकड़ा और शंकरगढ़ से रौशन व अवनीत तिर्की शामिल हैं। चरचा में 3 से ऑल इंडिया फुटबॉल का महाकुंभ क्लब के कोच बिजेंद्र विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में वर्तमान में लगभग 30 खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। अभ्यास को दो सत्रों में बांटा गया है। सीनियर वर्ग सुबह के सत्र में फिटनेस और तकनीक पर काम और जूनियर वर्ग स्कूली समय को देखते हुए शाम 4 बजे से अभ्यास करते है। कोच बिजेंद्र ने बताया कि वर्तमान में खिलाड़ियों की फिटनेस, ड्रिब्लिंग, पासिंग और शूटिंग के साथ-साथ रणनीतिक खेल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि आगामी ऑल इंडिया टूर्नामेंट में चरचा की टीम अपनी जीत की परंपरा को कायम रख सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *