पूरी लाइन उखाड़ ले गए चोर, बिजली ठप:पानी सप्लाई बंद, महिलाएं-बुजुर्ग एक किलोमीटर दूर हैंडपंप से भर रहे पानी

रामपुर इलाके में दो दिन पहले अज्ञात चोरों द्वारा 33 केवी बिजली लाइन के तार चोरी किए जाने के बाद पूरे क्षेत्र की जनजीवन व्यवस्था चरमरा गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने से न केवल अंधेरा पसरा है, बल्कि पानी की सप्लाई भी पूरी तरह बाधित हो गई है। हालात ऐसे हैं कि लोग पीने के पानी के लिए एक किलोमीटर दूर सरकारी हैंडपंप तक जाने को मजबूर हैं। 33 केवी बिजली लाइन ही उड़ा ले गए चोर
रामपुर कला में 9 और 10 तारीख की दरम्यानी रात अज्ञात चोर पहाड़ी क्षेत्र में लगे बिजली के खंभों से 33 केवी लाइन के तार काटकर ले गए। पूरी लाइन चोरी हो जाने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। घटना की सूचना पर बिजली विभाग ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बिजली ठप, पानी के लिए मचा हाहाकार
बिजली बंद होने का सबसे बड़ा असर पानी की सप्लाई पर पड़ा है। मोटर और पंप नहीं चल पाने से नलों में पानी नहीं आ रहा। मजबूरी में कस्बे के लोग बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ एक किलोमीटर दूर स्थित शासकीय हैंडपंप से पानी भरकर ला रहे हैं। गर्मी और लंबी दूरी के कारण लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। बुजुर्गों और महिलाओं की बढ़ी मुश्किल
रामपुर कला निवासी बुजुर्ग कमला चतुर्वेदी ने बताया कि दो दिन से बिजली नहीं है, जिससे पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। दूर से पानी लाना पड़ रहा है, पता नहीं यह परेशानी कब खत्म होगी। वहीं महिलाएं भी सिर पर पानी के बर्तन ढोते नजर आ रही हैं। इलाके में आक्रोश, लोग परेशान
स्थानीय निवासी रामबीर धाकड़ ने बताया कि पुलिस से जानकारी मिली है कि पहाड़ी इलाके से बिजली लाइन चोरी हुई है। इसी कारण पूरे क्षेत्र में अंधेरा और पानी की किल्लत बनी हुई है। लोग बेहद परेशान हैं और जल्द बिजली बहाल करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस कर रही चोरों की तलाश
रामपुर थाना प्रभारी एसआई राममंत्र गुप्ता ने बताया कि बिजली विभाग की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। बिजली विभाग जुटा लाइन बहाली में
बिजली विभाग के एसई एस. कुमार ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में 33 केवी लाइन चोरी होने की पुष्टि हुई है। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। फिलहाल लाइन को दोबारा बिछाने का काम जारी है, ताकि जल्द से जल्द बिजली सप्लाई बहाल की जा सके। डर और नाराजगी का माहौल
घटना के बाद से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं हुए तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें बिजली बहाली और चोरों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *