झालावाड़ के पिड़ावा तहसील की ग्राम पंचायत खैराना के बोरखेड़ी गांव के ग्रामीणों ने पंचायत मुख्यालय खैराना से बोरखेड़ी तक सीधी पक्की सड़क बनाने की मांग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर झालावाड़ के नाम उपखंड अधिकारी पिड़ावा को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक पंचायत मुख्यालय से बोरखेड़ी गांव तक कोई सीधी सड़क नहीं बनी है। वर्तमान में ग्रामीणों को खैराना पहुंचने के लिए ओसाव और खटकड़ होते हुए करीब 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। जबकि बोरखेड़ी से खैराना की सीधी दूरी मात्र 3 किलोमीटर है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग पर केवल एक अधूरा कच्चा रास्ता है, जो बारिश के मौसम में पूरी तरह बंद हो जाता है। रास्ते पर अतिक्रमण होने से भी आवाजाही में परेशानी होती है। इस कारण ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बोरखेड़ी से निपानिया-कर्माखेड़ी तक की कच्ची सड़क को भी ‘मिसिंग लिंक’ बताते हुए निर्माण की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, बोरखेड़ी से नाग देवता मंदिर हैमड़ा तक प्रस्तावित सड़क को भी स्वीकृति देकर बनाने की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि इन सभी सड़कों के प्रस्ताव विभाग द्वारा पहले ही भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्वीकृति नहीं मिली है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बोरखेड़ी से पंचायत मुख्यालय खैराना तक सीधी पक्की सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की अपील की है। उनका कहना है कि इससे उन्हें 15 किलोमीटर के अनावश्यक चक्कर से मुक्ति मिल सकेगी। ज्ञापन सौंपते समय रामलाल, बाबूलाल, रामसिंह, चुन्नीलाल, बालाराम, पंकज नागर, सुनील, गिरिराज, भारतसिंह, देवीसिंह, शोभाराम, दिनेश कुमार और हंसराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


