मंडला ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया है। ट्रैफिक सूबेदार योगेश राजपूत ने हेलमेट की मजबूती और उसकी उपयोगिता समझाने के लिए हाथी और नारियल का सहारा लिया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए। जागरूकता अभियान के दौरान सूबेदार योगेश राजपूत ने पहले एक हाथी के सामने नारियल रखा, जिसे हाथी ने एक ही वार में चकनाचूर कर दिया। इसके बाद उसी जगह पर एक हेलमेट रखा गया। हाथी ने जब दोबारा वार किया, तो हेलमेट पूरी तरह सुरक्षित रहा। इस प्रदर्शन के जरिए पुलिस ने यह संदेश दिया कि बिना हेलमेट के इंसान का सिर भी नारियल की तरह नाजुक होता है, जबकि हेलमेट पहनने पर वह सुरक्षित रहता है। नियमों के पालन से ज्यादा सुरक्षा पर जोर सूबेदार राजपूत ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस लगातार विभिन्न तरीकों से लोगों को समझा रही है कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने का नियम नहीं, बल्कि जान बचाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिना सुरक्षा के नारियल तुरंत टूट गया, उसी तरह सड़क हादसों में बिना हेलमेट जान जाने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। जागरूकता के अनोखे तरीके की सराहना ट्रैफिक पुलिस के इस प्रभावी प्रयोग की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के जीवंत उदाहरण से सुरक्षा की बात आसानी से समझ में आती है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य हर घर तक यह संदेश पहुंचाना है कि हेलमेट पहनना स्वयं और अपने परिवार के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।


