पाली जिला परिषद सभागार में सोमवार की दोपहर को बजट 2026-27 संवाद व सुझाव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा के समक्ष लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। लोगों ने कहा- हमारे मोहल्ले से निकलने वाले नालों में बरसात के दौरान फैक्ट्रियों का रंगीन पानी चोरी-छिपे छोड़ दिया जाता है। सालों से परेशान है। इसका समाधान कराएं। मंत्री से पूछा कि बांडी नदी पुलिया का नवनिर्माण कब होगा? क्या ऑडिटोरियम हॉल फिर से बनेगा? निगम को कुछ बजट देवें, जिससे कुछ काम हो सके। दरअसल, संवाद कार्यक्रम के दौरान जिले की जनता से विकास के लिए सुझाव मांगे गए थे, जिसमें सुझाव के साथ शिकायतें भी सामने आई। हालांकि खर्रा ने सभी समस्याओं को शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। CETP फाउंडेशन का संचालन सरकार करें
विकास बुबकिया ने कहा कि वर्तमान में फैक्ट्रियों से निकलने वाले पानी से बांडी नदी के दूषित होने का मामला छाया हुआ है। फैक्ट्रियां बंद होने से मजदूरों का रोजगार छिनता है और उद्यमियों को भी नुकसान होता है। ऐसे में फैक्ट्रियों से निकलने वाले रासायनिक पानी को ट्रीट करने का जिम्मा संभालने वाले CETP फाउंडेशन की कमान प्रशासन के हाथ में सौंप देनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने निगम के ऑडिटोरियम हॉल का निर्माण करवाने, 15 MLD का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनवाने की बात भी रखी। बांगड़ हॉस्पिटल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू हो
डॉ एचएम चौधरी ने कहा- बांगड़ हॉस्पिटल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू करने के लिए बजट जारी होना चाहिए, जिससे यहां कार्डियोलोजी, न्यूरोलॉजी, नेफरोलाजी, हार्ट के विशेषज्ञ डॉक्टर और सुविधाएं जिलेवासियों को मिल सके और उन्हें जयपुर जोधपुर जाने से निजात मिले। उन्होंने कहा कि यह शुरू होता है तो काफी रोगियों की जान बचाई जा सकती हैं। नाले में छोड़ा जा रहा फैक्ट्रियों का रंगीन पानी
पाली शहर के सुभाष नगर ए की रहने वाली सिंधु कंवर ने कहा- उनके मोहल्ले से होकर गुजरने वाले नाले में बरसात के दिनों में रंगीन पानी चोरी-छिपे छोड़ा जाता है। लोग उसकी बदबू से परेशान हो जाते है। उन्होंने ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर राहत दिलाने की बात कही। मेडिकल कॉलेज का नाम महाराणा प्रताप की मां के नाम रखा जाए
सीनियर एडवोकेट शैतानसिंह सोनगिरा ने कहा कि पाली में महाराणा प्रताप का ननिहाल है। उनका जन्म पाली में हुआ है, जिसके कई प्रमाण मौजूद है। शहर के मेडिकल कॉलेज का नाम महाराणा प्रताप की मां जैवंती बाई के नाम पर रखा जाए। बांडी नदी पूल के निर्माण की मांग
शिवजीराम प्रजापत ने कहा कि पाली शहर के सुमेरपुर रोड स्थित बांडी नदी का पूल काफी सालों पुराना है। इसके निर्माण की घोषणा बजट में भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसके लिए बजट जारी नहीं हुआ। ऐसे में इसका निर्माण शुरू नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि पूल पुराना है, बरसात के दौरान परेशानी होती है। उन्होंने पूल का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की बात कही। डिस्पेंसरी में हार्ट का डॉक्टर लगाए
मोहसीन खत्री ने कहा कि पाली शहर भीतरी भाग नाडी मोहल्ला में स्थित डिस्पेंसरी में हार्ट के डॉक्टर की नियुक्ति की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हार्ट अटैक से काफी लोगों की जान जा रही है। लेकिन शहरी क्षेत्र के हार्ट के मरीजों को समय पर बांगड़ हॉस्पिटल लाने में दिक्कत होती है, क्योंकि रास्ते में भेरूघाट पर ट्रैफिक जाम की स्थिति हर समय रहती है, इसलिए नाडी मोहल्ला डिस्पेंसरी में हार्ट का डॉक्टर लगवाया जाए। वार्ड निर्माण और एम्बुलेंस देने के लिए भामाशाह तैयार है। निगम को बजट जारी करो, पार्षदों पर जनता नाराज हो रही
लूण सिंह राजपुरोहित ने कहा कि नगर निगम पाली को बजट जारी किया जाए। इससे ठप पड़ा विकास कार्य शुरू हो सके, क्योंकि काम नहीं होने से जनता पार्षदों को खरीखोटी सुनाती है। पीसीसीबी बैंक के अधिकारियों ने किसानों के रुपए खाए, जांच हो
पाली के रामेश्वर सिंह ने कहा कि खिंवाड़ा पीसीसीबी के कुछ अधिकारियों ने मिलकर किसानों के रुपए खाए है। इसकी जांच करवाकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ जांच करवाई जाए। नए एडवोकेट को 5 साल तक दे आर्थिक संबल
भाजपा महामंत्री और एडवोकेट नारायण कुमावत ने कहा कि लॉ करने के बाद फिल्ड में उतरने वाले नए एडवोकेट को शुरुआती सालों में ज्यादा इनकम नहीं होती। ऐसे में उसे अपना घर चलाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए नए एडवोकेट को कम से कम 5 साल तक सरकार आर्थिक संबल दे। युवाओं को आगे आने का मौका दिया जाए
हर्षिता सिसोदिया ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र युवाओं के लिए बना है। नेहरू युवा केंद्र कई विभागों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करता है, लेकिन नेहरू युवा केंद्र को आगे नहीं रखा जाता। ऐसे में केंद्र से जुड़े युवाओं में नाराजगी रहती है। इसके साथ ही उसने कहा कि कारगिल पुरस्कार जिलास्तर पर भी देना शुरू किया जाना चाहिए। गोबर के उत्पाद बनाने का काम शुरू किया जाए
पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा ने कहा कि गायों और भैंसों के गोबर से कई तरह के उत्पाद बनाकर मार्केट में बेचने का काम शुरू किया जा सकता है। जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने पिंजरापोल गोशाला में इसको लेकर यूनिट स्थापित करने का सुझाव दिया। फैक्ट्रियों का रंगीन पानी बाड़मेर रिफाइनरी में भेजा जाए
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी ने कहा कि पाली की फैक्ट्रियों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए जरूरी है कि यहां का प्रदूषित पानी बाड़मेर रिफाइनरी को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में टसरी पर फैक्ट्रियों का पानी ट्रीट होता है, लेकिन पाली में जेडएलडी से ट्रीट करना पड़ रहा है। पाली में पानी ट्रीट कर उसे पाइप लाइन के जरिए बाड़मेर रिफाइनरी भेजना ही उचित विकल्प है। जवाई पुनर्भरण प्रोजेक्ट शुरू किया जाए
किसान नेता गिरधारी सिंह मंडली ने कहा कि जवाई पुनर्भरण का प्रोजेक्ट अटका हुआ है। इसे शुरू किया जाए, जिससे उदयपुर जिले के कोटड़ा तहसील में और बुझा गांव के पास बांध का निर्माण करवाया जाए। इससे करीब 6 हजार एमसीएफटी पानी जवाई बांध पहुंचेगा और उसी पानी से हेमावास बांध का पुनर्भरण भी हो जाएगा।


