भिंड में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश सरकार के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल योजनाओं को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस कितनी भी साजिश रच ले, देश विकसित भारत बनने से कोई नहीं रोक सकता। वीबी जीरामजी योजना किसानों, गरीबों और मजदूरों के लिए जनहितैषी है और ग्रामीण भारत के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। भिंड स्थित ऊषा कॉलोनी के एमपी-30 तड़का होटल सभागार में पत्रकारवार्ता में उन्होंने संबोधित किया। कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण भारत को 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। किसानों, गरीबों और मजदूरों के लिए लाई गई वीबी जीरामजी योजना रोजगार और आजीविका की गारंटी देने वाली जनकल्याणकारी योजना है, लेकिन कांग्रेस और विरोधी दल इसके खिलाफ भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। कंसाना ने कहा कि इस कानून का उद्देश्य हर ग्रामीण परिवार को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना है। नई योजना के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को साल में 125 दिन रोजगार की गारंटी मिलेगी, वहीं वन क्षेत्रों में कार्यरत एसटी श्रमिकों को अतिरिक्त 25 दिन का रोजगार मिलेगा। मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक आधार पर करने का प्रावधान भी किया गया है, जिससे श्रमिकों को समय पर पारिश्रमिक मिल सकेगा। उन्होंने मनरेगा को लेकर कहा कि अब तक इस योजना पर सबसे अधिक खर्च मोदी सरकार ने किया है। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए रियल टाइम डेटा अपलोड, जीपीएस और मोबाइल मॉनिटरिंग तथा एआई आधारित फ्रॉड डिटेक्शन जैसी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि वीबी जी रामजी योजना का फोकस जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचे, आजीविका संसाधनों के विकास और मौसम जनित जोखिमों को कम करने पर है। यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर किसानों और मजदूरों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।


