सिटी रिपोर्टर | बोकारो सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही मौतों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यश, वी फॉर यू संस्था की ओर से तीन दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान सह ऑन द स्पॉट हेलमेट वितरण कार्यक्रम सोमवार को भी चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 226 हेलमेट बाइक चालकों को वितरण किया गया। सोमवार को अभियान के अंतिम दिन 82 हेलमेट बांटे गए। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को रोककर न सिर्फ हेलमेट दिए गए, बल्कि उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का महत्व भी समझाया गया। संस्था के संस्थापक मनोज सिंह ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन बचाने का सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है। लोगों को बाइक चलाने से पहले हेलमेट पहनने की आदत डालनी होगी। अभिभावकों को चाहिए कि वे खुद के साथ-साथ अपने घर के सदस्यों को भी सड़क सुरक्षा पालन की शपथ दिलाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। यह जागरुकता अभियान 10 जनवरी से शुरू हुआ था। अभियान के अंतिम दिन सुबह चास-पुरुलिया रोड स्थित काशी झरिया आमतल मोड़ (थाना पिंड्राजोरा) के समीप विशेष कैंप लगाया गया। जहां बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया। यहां बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को समझाकर हेलमेट उपलब्ध कराया गया। इसके बाद धर्मशाला मोड़, चास में भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरुकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था के संस्थापक के पुत्र यश के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अभियान का भावुक वातावरण में विधिवत समापन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी पर जोर दिया और ऐसे अभियानों को निरंतर चलाने की आवश्यकता बताई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार व चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी शामिल हुईं। मौके पर निवर्तमान डिप्टी मेयर अविनाश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश रॉय, वार्ड पार्षद राजन सिंह, नरेश प्रसाद, टिंकू तापड़िया, कौशल कुमार राय, सुनील महतो, केसर अफरोज, पूर्व वार्ड पार्षद उत्तम दे, संतोष राउत, मारवाड़ी पंचायत के सचिव विकास अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता संजय सोनी, राज कुमार, शिव शंकर राय, विक्रम सिंह, दया तिवारी, शशि सिंह, राजीव सिंह, मोनू सिंह, श्रवण कुमार महतो, अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।


