बैकुंठपुर | कोरिया जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत कंचनपुर स्थित कोविड-19 अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट में चोरों ने चोरी की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ ऑक्सीजन हैंडलर प्रकाश कुमार विश्वकर्मा ने सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। यह चोरी कंचनपुर ऑक्सीजन प्लांट में दूसरी बार हुई है। थाना से मिली जानकारी के अनुसार, 8 जनवरी की रात चोरों ने 500 एलपीएम क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट में घुसकर जनरेटर से प्लांट तक जाने वाली मेन कॉपर वायर, प्लांट व जनरेटर की अर्थिंग वायर समेत सभी उपकरणों की अंदर की कॉपर वायर निकाल ली। चोरी के दौरान प्लांट की पूरी वायरिंग क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे प्लांट पूरी तरह बंद हो गया। चोरी व क्षतिग्रस्त उपकरणों की अनुमानित कीमत 70 से 80 हजार रुपए बताई गई है।


