डेढ़ साल पुराना वीडियो वायरल: लड़कियों के साथ अश्लील डांस करते दिखे अफसर

सूरजपुर जिले से वन विभाग की मर्यादा को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। कुमेली वाटरफॉल स्थित वन विभाग के रेस्ट हाउस में आर्केस्टा की युवतियों से अश्लील डांस कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में डीएफओ ने तत्काल प्रभाव से एक डिप्टी रेंजर और एक फॉरेस्टर को निलंबित कर दिया है। जांच में यह बात सामने आई है कि वायरल वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है। बताया जा रहा है कि उस समय पदस्थ तत्कालीन रेंजर (जो अब एसडीओ बन चुके हैं) ने कोरबा की एक आर्केस्टा टीम को रेस्ट हाउस में बुलाया था। इस पार्टी में रेंजर के साथ बीडीसी, धान खरीदी केंद्र प्रभारी और कुछ स्थानीय रसूखदार शामिल थे। पार्टी के दौरान गांव के ही एक युवक को आमंत्रित नहीं किया गया था। इसी नाराजगी के चलते उसने चुपके से पूरी पार्टी और अश्लील डांस का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। हाल ही में गरियाबंद में बार बालाओं के डांस पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद, मौका पाकर युवक ने इस पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद सूरजपुर डीएफओ डीपी साहू खुद कुमेली रेस्ट हाउस पहुंचे और मौके का मुआयना किया। उन्होंने वहां तैनात चौकीदार और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। ड्यूटी में लापरवाही और सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग रोकने में नाकाम रहने पर एक डिप्टी रेंजर और एक फॉरेस्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। एसडीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच समिति गठित की गई है, जिसने सोमवार को मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया। वन विभाग ने जिले के एसपी को पत्र लिखकर वीडियो की सत्यता जांचने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया है। वर्तमान में इस पार्टी के आयोजक रहे तत्कालीन रेंजर अब एसडीओ के पद पर प्रमोट होकर दूसरी जगह पदस्थ हैं। जांच की आंच उन तक भी पहुंच सकती है और आने वाले दिनों में कुछ बड़े अधिकारियों पर भी गाज गिरना तय माना जा रहा है। जांच में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करेंगे रेस्ट हाउस विभाग की संपत्ति है। यदि वहां ऐसी अनैतिक गतिविधियां हो रही थीं और हमारे स्टाफ को इसकी जानकारी नहीं थी, तो यह हमारी गंभीर चूक है। दो कर्मियों को निलंबित किया गया है और जांच में जो भी अन्य दोषी पाए जाएंगे, उन पर भी सख्त कार्रवाई होगी। डीपी साहू, डीएफओ, सूरजपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *