उमरिया जिले में लोक निर्माण विभाग की 11 सड़कों का काम रुका हुआ है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और वन विभाग में कागज नहीं देने के कारण अनुमति नहीं मिल पा रही। इसमें लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। अनुमति के पहले ही वन क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदारों से सड़कों का काम शुरू करवा दिया था। सड़कों में गिट्टी डाल दी गई। इस कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मानपुर बायपास और चंदिया के अतरिया गांव में पहले तो सड़क ठीक थी, लेकिन अब गिट्टी डाल दी गई है। इसके कारण सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। अतरिया गांव के ग्रामीण भल्लू ने बताया कि गिट्टी डलने के बाद, तो चलना मुश्किल हो गया है। दोनों विभागों के अपने तर्क लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री गजेंद्र पर गायकवाड़ ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और वन विभाग की क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण काम रोका गया है। हमारी 11 सड़कों का कार्य रुका हुआ है। वहीं, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उपसंचालक पीके वर्मा ने बताया कि कागज पूरे नहीं होने के कारण कार्यों को रोका जाता है। कागज पूरे होने के बाद अनुमति में समय लगता है।


