राजसमंद जिला परिषद सभागार में आज प्री बजट संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जिले के चारों विधायक, सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। डिप्टी सीएम के सामने बजट सुझाव रखे कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा द्वारा की गई, जिन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर आगामी बजट को लेकर प्राप्त सुझावों को उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इसके पश्चात सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, विधायक हरिसिंह रावत, सुरेन्द्र सिंह राठौड़, विश्वराज सिंह मेवाड़ एवं दीप्ति माहेश्वरी ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित सुझाव व मांगें रखीं। दिव्यांग कॉलेज खोलने की मांग संवाद के दौरान आरके हॉस्पिटल में डॉक्टरों के रिक्त पद भरने, दिव्यांग कॉलेज खोलने, ओल्ड एज होम के अनुदान में वृद्धि, तीर्थ यात्रा योजना में बिना लॉटरी यात्रा कराने, मेडिकल कॉलेज के कार्य प्रारंभ करने, राशन डीलरों का मानदेय गुजरात की तर्ज पर तय करने तथा दूध सब्सिडी बढ़ाने की मांग की गई। इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर स्विमिंग पूल निर्माण, रीको एरिया का विकास, ग्रेनाइट वेस्टेज के उपयोग, गुलाब की मार्केटिंग को बढ़ावा देने, जिला अस्पताल व खनिज कार्यालय खोलने सहित विकास कार्यों पर चर्चा की गई।


