आगर मालवा में मकर संक्रांति पर्व से एक दिन पहले शहर के बाजारों में भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहार को लेकर लोगों में खास उत्साह रहा, जिससे सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। भीड़ बढ़ने के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बार-बार जाम की स्थिति बनी रही। तिल-गुड़ और पतंग की दुकानों पर ज्यादा भीड़ मकर संक्रांति के लिए लोग तिल-गुड़ की चक्की, लड्डू, रेवड़ी और गजक की खरीदारी में जुटे रहे। इन दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। इसके साथ ही पतंग, मांझा, रंगीन डोर और पूजन सामग्री की भी खूब बिक्री हुई। बच्चों और युवाओं में पतंगबाजी को लेकर खास उत्साह नजर आया। मुख्य चौराहों पर प्रभावित हुआ यातायात शहर के प्रमुख बाजार इलाकों में भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। अस्पताल चौराहा और आसपास के मुख्य रास्तों पर वाहनों की अधिक संख्या और सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों के कारण जाम की स्थिति बनती रही। पुलिसकर्मियाें ने संभाली व्यवस्था भीड़ और वाहनों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। पुलिसकर्मी लगातार यातायात संभालते रहे और कई जगह वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। इसके बावजूद शाम के समय भीड़ और ट्रैफिक का दबाव बना रहा। व्यापारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद व्यापारियों ने बताया कि इस बार मकर संक्रांति पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। लोगों में त्योहार को पारंपरिक तरीके से मनाने का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।


