जालंधर | वार्ड नंबर 84 के अंतर्गत आने वाली जनता कॉलोनी, गली नंबर 3 में हर समय पानी भरा रहने के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ला निवासी परवेश, सुरिंदरजीत कौर, तजिंदर कौर, आकाश, नीना, कुसुम, अनीषा और प्रदीप अवस्थी आदि ने रोष जताते हुए बताया कि पानी भरने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि लगातार बहते पानी से न केवल पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि सड़क भी क्षतिग्रस्त होती जा रही है। निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने अपने क्षेत्र के पार्षद तथा वाटर-सीवरेज विभाग के संबंधित कर्मचारियों को कई बार शिकायत दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मोहल्ला निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि वाटर पाइप लीकेज को शीघ्र ठीक कर पानी की बर्बादी रोकी जाए तथा सड़क को होने वाले नुकसान से बचाया जाए। -गुरदीप सिंह, जनता कॉलोनी।


