भास्कर न्यूज | जालंधर भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर विवेकानंद चौक के पास स्थित स्वामीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण अर्पित किया। प्रकल्प प्रमुख राजकुमार चौधरी ने बताया कि साल 2009 में सामूहिक प्रयासों से स्वामीजी की प्रतिमा कलकत्ता से लाकर इस चौक पर स्थापित की गई। इस स्थान का चयन इसलिए किया गया, क्योंकि यहां से शहर के अधिकांश शैक्षणिक संस्थान जुड़े हैं और बड़ी संख्या में युवा रोज इस जगह से गुजरते हैं। शाखा के सचिव कंचन शर्मा ने कहा कि इस मौके पर लोगों से स्वामी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने को कहा गया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक केडी भंडारी ने युवाओं को राष्ट्र सेवा में आगे बढ़ने पर बल दिया। सहसचिव राजिंदर ऋषि, आरएसएस के महानगर सह संघ चालक महेश गुप्ता, प्रांत अध्यक्ष विवेक शर्मा, दविंदर बजाज, विक्रम अरोड़ा मौजूद रहे।


