भास्कर न्यूज | अमृतसर माहनां सिंह रोड की गली चूहड़ सिंह के एक मकान में रात करीब 10 बजे आग लग गई, जिसमें बुजुर्ग जिंदा जल गया, जबकि दिव्यांग युवती की झुलसने के कारण मौत हो गई। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण लोहड़ी पर जलाए गए अलाव की चिंगारी बताया जा रहा है। आग में घर में मौजूद 3 और लोग निकाल लिए गए, जिनमें से एक गंभीर है। लोगों ने बताया कि इस मकान में रुमाला साहिब रखे हुए थे। इसलिए आग बड़ी तेजी से फैली। रुमाला साहिब का काम करने वाले मकान मालिक ने बताया कि अलाव से उठी चिंगारी अचानक घर के अंदर रखे कपड़ों पर पड़ी। इसके बाद आग ने चंद सेकंड में ही भयानक रूप ले लिया। पड़ोसियों ने उन्हें कड़ी मशक्कत करके बाहर निकाला, मगर उनके पिता उठकर बाहर नहीं आ पाए। रात एक बजे तक उन्हें बाहर निकाला नहीं जा सका है। थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह ने बताया कि हादसे में दिव्यांग युवती समेत 2 लोगों की मौत हो गई है। आग के कारणों की जांच की जा रही है। गली काफी तंग है, इसलिए फायर ब्रिगेड को 100 मीटर दूर खड़ा करके कर्मचारी आग बुझाने में लगे हैं। अब तक करीब 3 फायर टेंडर पानी का इस्तेमाल हो चुका है। मौके पर पहुंचे मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने बताया कि उन्हें करीब 11.30 बजे आग की सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे। एसएचओ, फायर ब्रिगेड और इलाके के लोगों ने पूरी जान झोंकते हुए आग में से तीन लोगों को निकाला। वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।


