बैकुंठपुर | जिला मुख्यालय से महज 6 किमी दूर स्थित ग्राम नरसिंहपुर में चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने किसान के ट्रैक्टर में लदे 12 बोरी धान और ट्रैक्टर की बैटरी पार कर दी। पीड़ित किसान ने इस संबंध में सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद से नरसिंहपुर और आसपास के गांवों में जनाक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी महीने में यह तीसरी चोरी है। इससे पहले भी चोरों ने पंप सेट और कृषि उपकरण उड़ा लिए थे। लगातार हो रही वारदातों से किसानों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंच रही है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।


