तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि सरकारी कटाई के बाद कूप (वन विभाग के क्षेत्र) में रखे 1.50 लाख रुपए के करीब 2.356 घनमीटर सागौन के लट्ठे चोरी कर लिए। वन अमले की चौकसी धरी रह गई। बैतूल की गवासेन रेंज के कुरसना कूप पर कटकर रखे सागौन के लट्ठे तस्कर सोमवार रात पिकअप में भरकर ले गए। इंदौर-बैतूल नेशनल हाइवे पर टेमागांव रेंज के उसकल्ली फूटान के समीप तड़के करीब 3 बजे पिकअप का पहिया निकलने से पलट गई। सागौन के 13 लट्ठे निकलकर हाइवे किनारे बिखर गए। टेमागांव, सिवनी मालवा और बैतूल वन विभाग की टीम ने सागौन के लट्ठे जब्त किए, हालाँकि तस्कर भाग निकले। बैतूल डीएफओ (उत्पादन) नवीन गर्ग ने वनरक्षक व कूप प्रभारी संतोष मर्सकोले को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 3 जिलों की टीम इन्हें पकड़ने में रही नाकाम गवासेन रेंज की टीम ने तस्करों की पिकअप का करीब 20 किमी तक पीछा किया। इसके अलावा टेमागांव और सिवनी मालवा रेंज की टीम ने घेराबंदी की। तस्कर हाथ नहीं आए। इससे वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों की मानें तो हाइवे किनारे वाहन पलटने वाले स्थान पर खून के निशान मिले हैं। इससे पता चलता है कि तस्कर घायल थे। इसके बाद भी तस्कर भाग निकले।


