सागर में 2 लाख की सागौन जब्त:पिकअप में भरकर ले जा रहे थे तस्कर; ड्राइवर समेत 2 गिरफ्तार, बाइक सवार साथी फरार

सागर जिले के रहली में वन विभाग की टीम ने बुधवार सुबह सागौन की लकड़ी का अवैध परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। टीम ने बिहारी ढाबा के पास घेराबंदी कर 15 नग सागौन के लट्ठे जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपए बताई गई है। मौके से ड्राइवर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाइक पर चल रहा उनका एक साथी फरार हो गया। वन विभाग ने वाहन जब्त कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वन विभाग के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जमुनिया से रहली मार्ग पर पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने रहली मार्ग पर स्थित बिहारी ढाबा के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन (MP 15 ZH 1397) को रोका। टीम को देखकर पिकअप में सवार आरोपी भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। पिकअप के आगे बाइक पर चल रहा आरोपी अंशुल ठाकुर मौके से फरार होने में सफल रहा। त्रिपाल से ढककर ले जा रहे थे लकड़ी टीम ने पिकअप पर ढकी त्रिपाल हटाई तो उसमें सागौन की लकड़ी भरी हुई मिली। पूछताछ में पकड़े गए ड्राइवर ने अपना नाम प्रमोद पिता प्यारेलाल कोरी (40) और बाजू में बैठे युवक ने अपना नाम राहुल पिता परमसुख सेन (24) बताया है। दोनों पृथ्वी वार्ड, देवरी के निवासी हैं। केसली के जंगल से काटकर लाए थे डिप्टी रेंजर कुंवर प्रताप सिंह ने बताया कि कार्रवाई में सागौन की लकड़ी के साथ दो आरोपियों को पकड़ा है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे वाहन में केसली क्षेत्र के घाना बाकोरी की पहाड़ी से सागौन लेकर आ रहे थे। लकड़ी छोटू राठौर के कहने पर रहली क्षेत्र में लाई जा रही थी। मामले में वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी अंशुल की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *