कोटा के भीमगंजमण्डी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के दो अलग-अलग प्रकरणों में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर दोहरी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो चाकू जब्त किए हैं। समय रहते की गई इस कार्रवाई से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा। कोटा शहर एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थानाधिकारी भीमगंजमण्डी रामकिशन गोदारा के नेतृत्व में दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। 13 जनवरी को टीम ‘A’ ने मुखबिर की सूचना पर टीआरडी डिपो के पास माला रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर मोहम्मद अयान उर्फ लश्कर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। वहीं टीम ‘B’ ने गश्त के दौरान देशराज चौराहा स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स के सामने से सद्दाम हुसैन को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी में उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ धारा 4/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों की शिनाख्त परेड की कार्रवाई भी की। इसके साथ ही थानाधिकारी द्वारा दोनों आरोपियों को भरे बाजार में पैदल घुमाया गया, जिससे अपराधियों में भय पैदा हो और आमजन में सुरक्षा का संदेश जाए। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच में जुटी है।


