इंदौर में बेशकीमती जमीन को लेकर धोखाधड़ी:जमीन मालिक ने रुपए लेकर स्क्रैप व्यापारी के नाम करा दिए डॉक्यूमेंट

इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के मामले में FIR दर्ज की है। आरोप है कि आरोपी ने 1 करोड़ 19 लाख रुपए लेने के बाद भी उसी संपत्ति के फर्जी दस्तावेज अन्य लोगों को दे दिए। पुलिस के मुताबिक, चंदन नगर निवासी मुदस्सर नागोरी की शिकायत पर मोहम्मद फारूक पिता नूर मोहम्मद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने चंदन नगर सेक्टर-बी स्थित एक संपत्ति का सौदा फारूक से तय किया था और इसके एवज में उसे 1 करोड़ 19 लाख रुपए का भुगतान किया है। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद फारूक ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर अज्जू उर्फ कबाड़ी और टम्मो नामक व्यक्तियों के नाम संपत्ति के कागज कर दिए। वहीं, मुदस्सर ने विधिवत रजिस्ट्री कराई और संपत्ति में रह रहे किरायेदारों से अनुबंध पत्र भी तैयार करवाए। जब मुदस्सर संपत्ति पर ताले लगाने पहुंचा, तभी इलाके में रहने वाले अज्जू कबाड़ी और टम्मो वहां पहुंचे और पहले से बंद पड़ी दो दुकानों पर अपने ताले लगा दिए। उन्होंने दावा किया कि मकान उनका है और फारूक ने उनके नाम दस्तावेज किए हैं। उनके पास भी संपत्ति की रजिस्ट्री पाई गई। मामले को लेकर मुदस्सर ने जब फारूक से संपर्क किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद पीड़ित ने पूरे दस्तावेजों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद चंदन नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *