श्रीगंगानगर जिले की साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एयरफोर्स कर्मचारी से 27.50 लाख की साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर ठगों को रेंट पर मनी म्युल अकाउंट उपलब्ध करवाता था। आरोपी के अकाउंट में 1 करोड़ 86 लाख से ज्यादा की ट्रांजेक्शन भी मिली है। साइबर थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया- 17 मार्च 2024 को साइबर थाने में दी शिकायत में अजय कुमार (40) निवासी रोहतास (बिहार) ने बताया था कि वह एयरफोर्स स्टेशन, सूरतगढ़ में जूनियर वारंट ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। साइबर ठगों ने उसके पास टेलीग्राम पर लिंक भेजे और झांसे में लेकर गूगल ट्रेडिंग टास्क के नाम पर ठगी की। जिसके बाद ठगों ने कई बैंक बैंक अकाउंट्स में उससे 27 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब उसे साइबर ठगी का पता चला तो उसने साइबर थाना में मामला दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इन्वेस्टिगेशन ऑफीसर रमेश कुमार की टीम ने इन्वेस्टिगेशन के दौरान फ्रॉड से जुड़े कई बैंक अकाउंट्स की जांच की। इस इन्वेस्टिगेशन में सोनू उर्फ मोनू (28) निवासी वार्ड नंबर-6 (झुंझुनूं) का बैंक अकाउंट संदिग्ध पाया गया। इस अकाउंट में ऑफिसर के 11 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कर्ज के बोझ तले दब गया था। वह गांव में इलेक्ट्रॉनिक्स का बड़ा शोरूम करना चाहता था। लेकिन शोरूम करने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। इसके बाद वह साइबर ठगों के संपर्क में आ गया और लोगों के साथ साइबर ठगी करने के लिए उन्हें अपने बैंक अकाउंट्स और डॉक्यूमेंट रेंट पर देने लगा। इसके बाद साइबर ठगी का पैसा उसके बैंक अकाउंट में आने लगा। वह ठगी का पैसा ठगों को निकलवा कर दे देता, जिसके बदले उसे मोटा कमीशन मिलता। इस तरह उसका लालच बढ़ता गया। इस दौरान सोनू के खिलाफ कर्नाटक, गोवा और तेलंगाना सहित साइबर ठगी करने के आरोप में कई शिकायतें दर्ज हुई। बाद में सोनू का बैंक एकाउंट्स फ्रिज कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएग और पूछताछ की जाएगी।


