बालोतरा में चलती कार में लगी आग:ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, खेड़ रोड पर हादसा

बालोतरा शहर के खेड़ रोड स्थित हनुमान नाड़ी मंदिर के समीप बुधवार शाम करीब 7.15 बजे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार इसकी चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक जैसे ही वाहन लेकर गुजर रहा था, तभी कार के इंजन हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक और आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। गनीमत रही कि कार चला रहे युवक ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और सूझबूझ दिखाते हुए चलती कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलते ही बालोतरा नगर परिषद और सीईटीपी की फायर ब्रिगेड टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने का कार्य तुरंत शुरू किया गया। आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझने के बाद देखा गया कि कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। वाहन के अंदर रखा सारा सामान भी जल गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के कारण कुछ समय के लिए खेड़ रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस और नगर परिषद कर्मचारियों की मदद से सुचारू कराया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *