छिंदवाड़ा जिले के सिंगोड़ी गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से दो छात्रों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। जानकारी मिलते ही अमरवाड़ा एसडीएम हेमकरण धुर्वे और सिंगोड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंचे और नवोदय विद्यालय प्रबंधन से लापता छात्रों के संबंध में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र विद्यालय परिसर से ही अचानक गायब हो गए, लेकिन काफी समय तक इसकी भनक प्रबंधन को नहीं लगी। पहले भी विवादों में रहा है नवोदय विद्यालय
जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी पहले भी लापरवाही के कई मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है। इसके बावजूद अब तक विद्यालय प्रबंधन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना ने एक बार फिर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि विद्यालय प्रबंधन की मौजूदगी में दो छात्र आखिर कैसे लापता हो गए? छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चूक सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही सिंगोड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों छात्रों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चला रही है और छात्रों से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल छात्रों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। प्रशासन ने जल्द छात्रों को सुरक्षित खोज निकालने का भरोसा दिलाया है।


