छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे बिजावर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डीडीएम कंपनी की बस ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान ममता अहिरवार और चिरैया अहिरवार (65 वर्ष), पत्नी ननुआ अहिरवार के रूप में हुई है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज इस दुर्घटना में धनीराम अहिरवार (25 वर्ष), निवासी बगौता और 5 वर्षीय गोलू अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां बालक गोलू की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


