छात्राओं ने शुद्ध वायु में बदलने वाला मॉडल बनाया:नर्मदापुरम में जिला स्तरीय विज्ञान और गणित प्रदर्शनी; 27 संभाग स्तर पर चयन

नर्मदापुरम जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में बुधवार को जिला स्तरीय शैक्षणिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान विषयों से संबंधित मॉडल लगाए गए। जिला स्तरीय मेले में ब्लॉक स्तर से चयनित कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए 112 मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखने बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी पहुंचे। विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए।सिवनी मालवा ब्लॉक के कक्षा 8वीं की छात्राएं अदिति लोवंशी और परिधि यदुवंशी ने शिक्षक विजय गोस्वामी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय के अंतर्गत स्वदेशी वायु शोधक यंत्र का मॉडल तैयार किया। इस मॉडल में फैक्ट्री और ट्रैफिक से निकलने वाली हानिकारक वायु को शुद्ध वायु में परिवर्तित करने की प्रक्रिया को दर्शाया गया, जिसे विशेष सराहना मिली। संभागीय प्रदर्शनी के लिए चयन
डीपीसी डॉ. राजेश जायसवाल ने बताया कि प्रदर्शनी में 7 अलग-अलग विधाओं के मॉडल प्रस्तुत किए गए थे, जिनमें से 27 मॉडलों का चयन संभागीय प्रदर्शनी के लिए किया गया है। संभागीय प्रदर्शनी का आयोजन 27 और 28 जनवरी को पचमढ़ी स्थित डाइट कॉलेज में होगा, जिसमें बैतूल, नर्मदापुरम और हरदा जिलों के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बढ़ी रौनक
प्रदर्शनी के साथ-साथ विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे आयोजन और भी रंगारंग हो गया। इस अवसर पर डीपीसी डॉ. राजेश जायसवाल, एपीसी विनोद किर किट्टा, संयोजक एपीसी प्रदीप चौहान सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *