प्रदेश में 1.93 लाख करोड़ के निवेश MOU:मंत्री जोगाराम पटेल बोले- ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर राजस्थान, सहभागी बनने का आह्वान

धवा पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक ग्राम पंचायत धवा परिसर में आयोजित की गई। इसमें संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल मुख्य अतिथि रहे, जबकि प्रधान गोविंदराम भील ने अध्यक्षता की। मंत्री पटेल ने कहा कि वर्ष 2047 में स्वतंत्रता का शताब्दी वर्ष मनाते समय देश और प्रदेश विकसित हों, इसी लक्ष्य के साथ ‘विकसित भारत और विकसित राजस्थान 2047’ का विजन रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने सभी राजस्थानवासियों से इस विजन को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया। मंत्री पटेल ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा है, और अन्नदाता भी ऊर्जा दाता के रूप में उभरे हैं। प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता 6,363 मेगावाट से बढ़कर 30,525 मेगावाट हो गई है। उन्होंने जानकारी दी कि 42,438 मेगावाट क्षमता विकसित करने के लिए केंद्रीय उपक्रमों के साथ 1 लाख 93 हजार करोड़ रुपए के निवेश हेतु संयुक्त उद्यम समझौते (एमओयू) किए गए हैं। विधि मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राशि 6 हजार रुपए से बढ़ाकर 9 हजार रुपए कर दी गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से 12 हजार रुपए तक बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 76 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में 10,432 करोड़ रुपए सीधे उनके खातों में भेजे गए हैं। इस अवसर पर पंचायत समिति एवं जिला परिषद के सदस्यों तथा सरपंचों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री पटेल ने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे व्यापक जन कल्याण को प्राथमिकता देते हुए सरकारी योजनाओं का फायदा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। बैठक में उपप्रधान शेराराम पावड़, जिला परिषद सदस्य चैनाराम पटेल और राजेंद्र प्रसाद मेघवाल, छोटू सिंह राठौड़, भंवरलाल पटेल, सिकंदर बक्श, राकेश बिश्नोई, भल्लाराम पटेल, विकास अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *