तीन माह से ऊर्जा विभाग के 3 अहम पद खाली… नतीजा- सामान की खरीदारी बंद, ऑपरेशन-मेंटेनेंस का काम रुका

तीन माह से ऊर्जा विभाग के तीन अहम पद खाली हैं। अविनाश कुमार के मुख्य सचिव बनने के बाद 1 अक्टूबर से ऊर्जा विभाग के सचिव का पद, ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी और जेबीवीएनएल के एमडी का पद रिक्त है। इन अहम पदों के खाली होेने का साइड इफेक्ट भी अब दिखने लगा है। ऊर्जा सचिव का पद रिक्त होने से तमाम तरह के वित्तीय फाइलों की मूवमेंट बंद है। पहले तो 3 महीने से आम जनता को मिलने वाली 200 यूनिट फ्री बिजली और सब्सिडी की राशि का पैसा जेबीवीएनएल को ट्रांसफर नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त अन्य बिजली एवं केंद्रीय प्रायोजित स्कीम का पैसा भी जेबीवीएनएल को नहीं मिला रहा है। इसके कारण जेबीवीएनएल का वित्तीय संकट गहरा गया है। इसका असर ऑपरेशन-मेटेनेंस के समानों पर भी दिखने लगा है। सामानों क​ी खरीदारी बंद है। नतीजतन रांची स्टोर रूम सहित राज्य के सातों सर्किल में डेली ऑपरेशन-मेटनेंस के सामान की भारी किल्लत हो गई है। जरूरी से जरूरी सामान भी स्टोर रूम से डिविजनों को नहीं मिल पा रहा है। इससे ऑपरेशन-मेटनेंस का काम प्रभावित हो रहा है। यही स्थिति जारी रही तो आने वाले एक-दो महीनों में इसका असर बिजली के ऑपरेशन-मेटेनेंस पर पड़ सकता है। किन-किन सामानों की कमीपिन, ब्रैकेट, तार, चैनल, इंसुलेटर, सकल, डीस, 200 केवी के क्लैम, 400 केवी के क्लैम, नट-बोल्ट, एरियल बंच केबल, 11 केवी तार, ट्रांसफॉर्मर। रांची सहित पूरे राज्य में कुल सात स्टोर रूम हैं। इन स्टोरों पर जरूरी ऑपरेशन-मेटनेंस तक के समान तक नहीं हैं। कई ठेकेदारों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि ऑपरेशन-मेटेनेंस का काम तो दे दिया, मगर सामान नहीं मिलने से जरूरी काम पूरी तरह से बंद हैं। हालत ऐसी है कि जो तार डैमेज घोषित हैं, उसे ही कॉन्ट्रैक्टरों को दिया जा रहा है। कमी का मूल कारण जेबीवीएनएल हेडक्वार्टर स्तर से होनेवाली सामान की खरीदारी पूरी तरह से बंद होना है। इसमें एरियल बंच केबल, 11 केवी तार, ट्रांसफार्मर आदि प्रमुख हैं। यह हालत करीब-करीब सारे सर्किल के स्टोर रूम की है। क्या कहते हैं जिम्मेवार जेबीवीएनएल के निदेशक पीके श्रीवास्तव ने बताया कि कहीं कोई कमी नहीं है। जो कमी है, उसे दूर किया जा रहा है। वहीं रांची जीएम मनमोहन कुमार ने बताया कि एरिया बोर्ड स्तर से खरीदी की जाने वाली जरूरी सामानों की खरीदारी पहले ही करके दी जा चुकी है। कुछ और सामानों की खरीदारी की प्रक्रिया जारी है। अगर कमी की बात आ रही है, तो हम इसे दिखवाते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *