मॉडल टाउन और कोर्ट सदीक में लगी आग, लोगों की सूझबूझ से हादसा टला

भास्कर न्यूज | जालंधर शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन और कोट सदीक में आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। शॉर्ट सर्किट के कारण शोरूम और एक बंद दफ्तर को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जानी नुकसान नहीं हुआ। बुधवार देर रात मॉडल टाउन स्थित एक नामी शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट था। देखते ही देखते धुएं के गुबार ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि आग लगने का पता समय रहते चल गया, जिससे शोरूम के अंदर मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर की गई कार्रवाई की वजह से आग को आसपास की दुकानों और इमारतों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आगजनी की दूसरी घटना कोट सदीक इलाके से सामने आई, जहां एक बंद पड़े दफ्तर में अचानक आग लग गई। चूंकि दफ्तर बंद था, इसलिए अंदर कोई मौजूद नहीं था, लेकिन खिड़कियों से धुआं और आग की लपटें निकलते देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया और दमकल विभाग को सूचित करने के साथ-साथ खुद भी राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, जिससे आग दफ्तर के बाहर नहीं फैली। प्राथमिक जांच में यहां भी आग का कारण बिजली की तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *