भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर के निकटवर्ती गांव धोगड़ी में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरानी रंजिश के चलते विनय नामक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के अनुसार, हमलावर पूरी योजना के साथ विनय के घर पहुंचे थे। देर रात का समय होने के कारण परिवार के सदस्य बेखबर थे, जिसका फायदा उठाकर 5 से 6 हथियारबंद युवकों ने घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने पहुंचते ही दहशत फैलाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। विनय को निशाना बनाकर करीब तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। हमलावरों ने हथियारों से विनय पर हमला कर घायल कर दिया। जिसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घटना की प्रत्यक्षदर्शी जानकारी देते हुए विनय के मामा, मक्खन थापर ने बताया कि हमलावर धोगड़ी गांव के ही जंडू सिंघा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। हमलावरों और विनय के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने इस हिंसक घटना का रूप ले लिया। जब आधी रात को गोलियों की आवाजें आई, तो आसपास के रहने वाले मोहल्ला वासी तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों की भीड़ और उनके साहस को देखकर हमलावर घबरा गए। स्थानीय निवासियों ने एकजुट होकर हमलावरों का मुकाबला किया और उन्हें मौके से भागने पर मजबूर कर दिया। यदि ग्रामीण समय पर न जागते, तो हमलावर विनय की हत्या करने के इरादे से आए थे। तेजधार हथियारों के वार से विनय बुरी तरह लहूलुहान हो गया था। उसे तुरंत जालंधर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, विनय के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर विनय के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने आरोपियों के नाम पुलिस को सौंप दिए हैं और मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।


