दान-पुण्य व पेंचों की उमंग, आसमां में सजे सतरंगी सितारे

भास्कर न्यूज | टोंक दान-पुण्य का पर्व मकर सक्रांति बुधवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास के विभिन्न कस्बों में उत्साहपूर्वक मनाया गया। शहर में धार्मिक आस्था और पारंपरिक उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला। सुबह से ही लोगों ने विभिन्न स्थानों पर गायों को हरा चारा डालकर पुण्य लाभ अर्जित किया। ऐतिहासिक कंकाली माता मंदिर में पतंग के साथ झांकी सजाई गई। घंटाघर, सुभाष बाजार, बड़ा कुआं, पुराना बस स्टैंड, छावनी सहित कई इलाकों में गौ-सेवा के लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। मकर सक्रांति को लेकर दिनभर शहर की छतों पर पतंगबाजी का रंग छाया रहा। युवाओं और बच्चों में पतंग उड़ाने का खासा उत्साह देखने को मिला। युवतियां भी इस पर्व की खुशियों में पीछे नहीं रहीं और सभी ने डीजे साउंड के बीच जमकर पतंगबाजी का आनंद लिया। आसमान में रंग-बिरंगी पतंगें और गली-मोहल्लों में गूंजती “वो काटा, वो मारा” की आवाजें पूरे दिन माहौल को उल्लासपूर्ण बनाए रखीं। ऐेतिहासिक कंकाली माता मंदिर स्थित श्री गांधी गौशाला, गोल डूंगरी सरवराबाद स्थित गोकुलधाम गौशला, बनास पुलिया श्री वैष्णोदेवी गौशाला सहित जिले के अन्य गौशालाओं में गोसेवा व पूजन का दौर दिनभर चला। मोदी फेन्स क्लब की ओर से मकर सक्रांति पर गौ-सेवा महोत्सव का आयोजन किया गया। ग्रुप के सदस्यों के सहयोग से करीब 15 क्विंटल गुड़ की लापसी तैयार करवाई गई। ग्रुप एडमिन एवं समाजसेवी भगवान भंडारी ने बताया कि इस अवसर पर टोंक शहर की सभी गौशालाओं में लगभग 1500 गौ-माताओं की सेवा की गई। पर्व पर सेवा, श्रद्धा और परंपरा का यह दृश्य लोगों के लिए प्रेरणास्पद रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *