हाथी प्रभावित क्षेत्रों व लोगों की सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

भास्कर न्यूज | गढ़वा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जंगली हाथियों के बढ़ते प्रकोप से उत्पन्न समस्याओं के समाधान और वनाधिकार से संबंधित मामलों की समीक्षा को लेकर गुरुवार को उपायुक्त उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में बैठक हुई। बैठक के दौरान जिले के संवेदनशील व प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। इस क्रम में जन-धन की क्षति, फसलों, आवासों को होने वाले नुकसान, इन समस्याओं के स्थायी और प्रभावी समाधान को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही हाथियों के सुरक्षित विचरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, जनजागरूकता अभियान, त्वरित राहत और नियंत्रण उपायों पर भी चर्चा की गई। इसके अलावे बैठक में वनाधिकार अधिनियम से संबंधित प्रकरणों के क्रियान्वयन की प्रगति, लंबित मामलों की समीक्षा, पात्र लाभुकों को वनाधिकार पट्टा समयबद्ध, पारदर्शी तरीके से प्रदान किए जाने को लेकर अनुमंडल व जिला स्तरीय समिति सहित सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य वन और मानव जीवन के बीच संतुलन स्थापित करते हुए जनहित में ठोस व व्यवहारिक निर्णय लेना था। मौके पर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों व आमंत्रित सदस्यों से भी सुझाव प्राप्त किए गए, जिससे विषयों पर सार्थक चर्चा कर जनहित में आवश्यक निर्णय लिए जा सकें। बैठक में दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी एबिन बैनी अब्राहम, उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी अंशुमान आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *