करहीभदर में दहशत… गांव में पागल कुत्ते ने सरपंच सहित 3 लोगों को काटा

भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम करहीभदर (कन्नेवाड़ा) स्थित हार्डवेयर दुकान में पागल कुत्ते के घुसने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसके बाद गांव में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया गया है। कन्नेवाड़ा निवासी मिथलेश तारम ने बताया कि कुत्ते की वजह से गांव में भय का माहौल है। बुधवार को पागल कुत्ते ने सांकरा क की सरपंच शिवरात्रि नेताम को भी काटा है। इसके बाद रामचरण व एक महिला को भी काट लिया। अब तक 15 से ज्यादा लोगों को काट चुका है। बस स्टैंड के पास स्थित सौम्या हार्डवेयर दुकान में भी यह कुत्ता घुस गया था। सीसीटीवी फुटेज में सौम्या अपने दादा केदारनाथ को भीतर ले जाती नजर आ रही है। इस दौरान कुत्ते काटने का प्रयास करता दिख रहा है, जिसे डंडे से केदारनाथ ने खदेड़ा। बच्चे भी बाल-बाल बचे। दुकान के गोदाम में घुसे कुत्ते को मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। करहीभदर के जनपद सदस्य लोकेश डड़सेना ने बताया कि गुरुवार सुबह ईंट भट्ठे के पास पागल कुत्ते को 15 से 20 लोगों ने गांव से बाहर भगाया। इसके बाद सांकरा और करहीभदर से होते हुए नर्रा के जंगलों की ओर जाते हुए देखा गया। बालोद और गुरूर ब्लॉक के करहीभदर, कन्नेवाड़ा, मुजगहन, सोरर, हथौद, नर्रा, नारागांव, बरही, जामगांव और पर्रेगुड़ा गांवों में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *