भास्कर न्यूज | अमृतसर उत्तरी हलके की वार्ड 7 के अंतर्गत आने वाले इलाके फैजपुरा, नवीं आबादी और रतन सिंह में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिल रही है। इन इलाकों में रहने वाले लोग टूटी सड़कों, सीवरेज की समस्या, गंदगी और बिजली से जुड़े खतरों का सामना कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। रतन सिंह चौक से पुलिस चौकी वाली गली में प्रवेश करते ही सड़क की हालत बेहद खराब नजर आती है। गली में जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसी गली में बिजली का मीटर बॉक्स खुला पड़ा है, जो छोटे बच्चों और जानवरों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। इलाका फैजपुरा में कूड़ा उठाने की व्यवस्था नियमित न होने के कारण लोग मजबूरी में खुले प्लॉटों में कूड़ा फेंक रहे हैं। इससे पूरे इलाके में बदबू और गंदगी फैल चुकी है। वहीं नवीं आबादी इलाके में पिछले करीब एक महीने से सीवरेज ब्लॉकेज की समस्या बनी हुई है, जिससे गलियों में गंदा पानी जमा रहता है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। रतन सिंह आबादी में भी सीवरेज चैंबर ब्लॉक होने से लोग परेशान हैं। वार्ड पार्षद काजल के पति इंदरजीत सिंह ने बताया कि इलाका रतन सिंह, फैजपुरा और नवीं आबाजी में सीवरेज नया डाला जाना है। जो पास हो चुका है। जल्द ही यहां नया सीवरेज डाला जाएगा। वहीं कूड़े की लिफ्टिंग का काम भी शुरू हो चुका है। खुले मीटर बक्सों के बारे में बिजली विभाग से बात की जाएंगी। वार्ड में आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ी अरविंदर कौर के पति गुलशन हंस ने बताया कि कई घरों में सीवर मिक्स गंदा पानी आ रहा है। यहां तक कि सबसे बड़ी समस्या सीवरेज ब्लॉकेज की है। जिसका समाधान आजतक पार्षद ने नहीं करवाया है। लोगों के घरों से कूड़ा तक नहीं उठवाया जा रहा। सोनू निवासी फैजपुरा ने बताया कि कूड़ा रोजाना नहीं उठाया जाता, इसलिए लोग मजबूरी में खाली प्लॉटों में फेंक रहे हैं। इससे इलाके में गंदगी फैल गई है और बदबू के कारण रहना मुश्किल हो गया है। प्रवीन निवासी पुलिस चौकी वाली गली ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए है। बिजली का मीटर बॉक्स खुला पड़ा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। दीपक कुमार निवासी रतन सिंह ने बताया कि इलाके में सीवरेज चैंबर लंबे समय से बंद पड़ा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। घरों के बाहर गंदा पानी जमा रहता है। नवीं आबादी: गली में जमा गंदा पानी। फैजपुरा के खाली प्लॉट में कूड़ा ब्लॉक चैंबर। खुला मीटर बॉक्स।


