गणतंत्र दिवस की रिहर्सल और सुरक्षा कारणों से दिल्ली एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। इसका असर भोपाल और दिल्ली के बीच हवाई यातायात पर पड़ेगा। इस दौरान दो नियमित फ्लाइट्स को अलग-अलग तारीखों में कैंसिल किया गया है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी और कुल 396 सीटें कम हो जाएंगी। एअर इंडिया की फ्लाइट एआई 1723/1894, जो दिल्ली से 12:05 बजे भोपाल आती है और 12:35 बजे वापस जाती है, 21 से 26 जनवरी तक कैंसिल रहेगी। इससे 164 सीटें कम होंगी। वहीं, इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6364/6365, जो 1:15 बजे भोपाल आती है और 1:45 बजे रवाना होती है, 19 से 26 जनवरी तक रद्द रहेगी, जिससे 232 सीटें यात्रियों के लिए कम होंगी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इस अवधि में विजिटर पास भी बंद रहेंगे और यात्रियों के साथ आए परिजनों को टर्मिनल में प्रवेश नहीं मिलेगा।


