रेलवे द्वारा दिल्ली क्षेत्र के लिए पार्सल बुकिंग पर चार दिनों की अस्थाई रोक लगाई गई है। यह आदेश कोटा मंडल सहित सभी संबंधित रेल मंडलों पर समान रूप से लागू रहेगा। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान दिल्ली क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोटा सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 23 जनवरी से 26 जनवरी तक दिल्ली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों (नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन,आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला एवं आदर्श नगर) के लिए सभी प्रकार के पार्सलों के लेन-देन पर अस्थाई प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि इस अवधि में पार्सल गोदामों का संचालन तथा रेलवे पार्सल पैकेजिंग से जुड़ी गतिविधियां बंद रहेंगी। इसके तहत सभी स्टेशनों पर लीज पर दिए गए एसएलआर, एजीसी एवं वीपीएस के माध्यम से होने वाले अंदर एवं बाहर के समस्त पार्सल ट्रैफिक पर भी रोक रहेगी। इस दौरान यात्री कोचों में यात्रियों को केवल व्यक्तिगत उपयोग का सामान ही ले जाने की अनुमति होगी। वहीं पंजीकृत समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं की बुकिंग संबंधित वाणिज्यिक औपचारिकताओं की पूर्ति के बाद ही की जा सकेगी। यह आदेश देश के सभी रेल मंडलों एवं क्षेत्रीय जोनों से दिल्ली क्षेत्र में रुकने वाली ट्रेनों की लोडिंग एवं अनलोडिंग गतिविधियों पर लागू रहेगा।


