विश्रामपुर| स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट (हिंदी माध्यम) उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केतका में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक भूलन सिंह मरावी रहे। उन्होंने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत कक्षा नवमी में अध्ययनरत छात्राओं को साइकिल बांटी। विधायक मरावी ने कहा यह योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने प्रदेश की बालिकाओं से उच्च शिक्षा में राष्ट्रीय स्तर से बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए पालकों से शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। छात्र-छात्राओं की मांग पर विधायक ने स्वेच्छानुदान मद से विद्यालय में साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए दो लाख रुपए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 25 हजार रुपए देने की घोषणा की। साथ ही इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को 25 हजार प्रोत्साहन राशि देने के अपने वायदे को दोहराया। इस दौरान जनपद अध्यक्ष स्वाती सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संत सिंह, मंडल अध्यक्ष विजय नारायण राजवाड़े, सरपंच फुलमेत सिंह और उपसरपंच बाबूलाल सिंह ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरक संदेश दिए।


