पवई में किराना दुकान से अवैध शराब जब्त:आबकारी विभाग ने दी दबिश, 90 लीटर शराब के साथ एक गिरफ्तार

पन्ना जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान जारी है। कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य के मार्गदर्शन में ‘अवैध शराब विरोधी अभियान’ तेजी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पवई में एक किराना दुकान से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की गई है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि विभाग को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, पवई के वार्ड क्रमांक 6 (पवई-करही मार्ग) पर स्थित ‘विनायक किराना स्टोर्स’ की आड़ में अवैध शराब बेची जा रही थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए आबकारी टीम ने तत्काल दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 10 पेटियों में भरी 498 पाव देशी मदिरा (सादा) बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 89.64 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 45,000 रुपये आंकी गई है। मौके से पवई निवासी रघुनंदन जायसवाल (27 वर्ष), पिता रामाधीन जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी शराब से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को पवई न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल पवई भेज दिया गया है। आबकारी विभाग को संदेह है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिसकी विवेचना जारी है। इस सफल छापेमारी में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय के साथ आबकारी आरक्षक सुश्री स्मिता ठाकुर, कुलदीप जाटव, सोनू कोरकू, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, मोतीलाल प्रजापति, फोटोलाल प्रजापति, कौशल्या बाई, सुरेंद्र सिंह बुंदेला और आकाश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *