सोजत क्षेत्र में नेशनल हाईवे-162 पर शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब रनिया बेरा के पास एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक में चालक सहित तीन लोग सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक में बिजली विभाग से संबंधित मीटर, बक्से और ट्रांसफॉर्मर लदे हुए थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ट्रक धू-धू कर जलने लगा। देखते ही देखते ट्रक और उसमें रखा पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग की लपटों से ट्रैफिक रुका आग लगते ही हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही नजर आने लगा, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई। तीन शहरों से पहुंचीं दमकल टीमें घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। इसके बाद सोजत, जाडन और पाली से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक और बिजली विभाग का सारा सामान पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई भीयाराम बरवड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत यातायात को नियंत्रित किया और हाईवे पर फंसे वाहनों को सुरक्षित निकलवाया। आग बुझने के बाद जले हुए ट्रक को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


