खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जलूद में मुंबई से आई एक नाबालिग लड़की ने अज्ञात कारणों से कुएं में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए छात्र ने भी कुएं में कूद गया। घटना शुक्रवार शाम तकरीबन 6 बजे की है। हादसे में नाबालिग की मौत हो गई, जबकि छात्र का सुरक्षित कुएं से निकाल लिया गया है। इंस्टाग्राम पर दो साल पहले हुई थी दोनों की दोस्ती जानकारी के अनुसार, जलूद निवासी चिराग ठाकुर (18) 12वीं का छात्र है। उसकी दोस्ती करीब दो साल पहले मुंबई की नाबालिग से इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए हुई थी। वह मुंबई के एक स्कूल में कक्षा 8वीं की छात्रा थी। 15 जनवरी को चिराग का जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए वह छात्रा से मिलने 14 जनवरी को घर से मुंबई के लिए निकल गया व 15 जनवरी को दोनों की मुलाकात के बाद उसके साथ नाबालिग छात्रा भी मुंबई से भागकर जलूद पहुंच गई। देखें घटना की 3 तस्वीरें… परिजनों के समझाने पर भी नहीं माने शुक्रवार दोपहर जब दोनों घर पहुंचे, तो चिराग की मां माया राठौर और नाना-मामा ने दोनों को समझाया। चिराग की मां माया राठौर ने बताया कि उन्हाेंने बेटे से कहा- यह लड़की अभी नाबालिग है, इसे यहां रखना कानूनन गलत है। तुम अपनी पढ़ाई पूरी करो और बालिग हो जाओ, फिर हम खुद तुम दोनों की शादी करवा देंगे। चिराग की मां ने छात्रा के परिजनों से फोन पर बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी बेटी सुरक्षित है। लेकिन छात्रा घर लौटने से डरी हुई थी। इसके बाद वह दोनों बच्चों को वापस मुंबई भेजने के लिए बस का किराया लेने कमरे के अंदर गई थी। उन्हें लगा कि बच्चे मान गए हैं, लेकिन इसी बीच दोनों घर से निकल गए और पास ही स्थित एक कुएं में छलांग लगा दी। छात्र को सुरक्षित किया रेस्क्यू, नाबालिग की हुई मौत ग्रामीण दीपक ने बताया कि शाम करीब 6 बजे कुएं से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि चिराग कुएं में लड़की की जान बचाने और खुद को संभालने का संघर्ष कर रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की। चिराग को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन तब तक आरुषि की डूबने से मौत हो चुकी थी। मां के साथ नाना के घर रहकर पढ़ाई करता है चिराग चिराग मूल रूप से इंदौर के भागीरथपुरा का निवासी है। पिता की मृत्यु के बाद वह पिछले कई सालों से अपनी मां मायाबाई के साथ जलूद में अपने नाना राधेश्याम सेंगर और मामा संतोष सेंगर के यहां रह रहा था। सूचना मिलते ही मंडलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मुंबई की रहने वाली नाबालिग लड़की यहां तक कैसे पहुंची और उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। मंडलेश्वर थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया- लड़की के परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद ही पीएम किया जाएगा। वहीं युवक चिराग राठौर नया जालोद का रहने वाला है। नाबालिग घर से बिना बताए निकली थी। उसकी गुमशुदगी मुंबई थाने में दर्ज है।


