40 फीट ऊंचाई से गिरकर जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख

भास्कर न्यूज| धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड के नूतनगढ़ पंचायत अंतर्गत कदमबेड़ा स्थित गजानन फेरो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निर्माणाधीन पावर प्लांट में गुरुवार को हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद मुआवजा तय कर दिया गया। जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को कंपनी तथा इंश्योरेंस की ओर से 10-10 लाख दिए जाएंगे। जानकारी हो कि गुरुवार को चिमनी में ब्रिक्स लाइनिंग का कार्य कर रहे दो मजदूरों की 40 फीट ऊंचाई से गिरने से मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। मृतकों की पहचान शादीक (22) और इस्तकार (25) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के शारदाहेड़ी बहादी गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन पावर प्लांट की चिमनी में ब्रिक लाइनिंग का कार्य ठेकेदार शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन के अंडर में चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8:15 बजे छह से सात मजदूर चिमनी पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट टेढ़ा हो गया। लिफ्ट पर सवार तीन मजदूरों में से दो नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं तीसरा मजदूर लिफ्ट में झूलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। मजदूरों की मौत को लेकर कंपनी प्रबंधन, ठेकेदार और अन्य पक्षों के बीच बातचीत हुई। इसमें प्रत्येक मृत मजदूर के परिजनों को इंश्योरेंस से 5.50 लाख और कंपनी की ओर से 4.50 लाख, कुल 10 लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति बनी है। थाना में यूडी केस दर्ज : मृतकों के चाचा मो. वाजिब के लिखित आवेदन पर धालभूमगढ़ थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है । सुरक्षा पर उठे सवाल : इस हादसे के बाद निर्माणाधीन पावर प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ऊंचाई पर काम के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *