रायसेन | जिला अस्पताल में अब सफाई व्यवस्था को और आधुनिक बनाया जा रहा है। मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार के साथ स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन को विशेष निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत जिला अस्पताल में ऑटोमेटिक मशीन से फ्लोर की सफाई शुरू की गई है। शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री, सिविल सर्जन डॉ. यशपाल बाल्यान सहित अन्य चिकित्सकों की मौजूदगी में ऑटोमेटिक फ्लोर क्लीनिंग मशीन से सफाई का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सफाईकर्मियों को मशीन के उपयोग और रखरखाव की जानकारी भी दी गई। सीएमएचओ डॉ. खत्री ने बताया कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऑटोमेटिक मशीन से सफाई होने से समय की बचत होगी।


