न्यूजीलैंड के साथ सीरीज का आखिरी मैच खेलने इंदौर पहुंची टीम इंडिया बहुत ही सख्त डाइट फॉलो करती है। होटल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कप्तान शुभमन गिल अपने साथ तीन लाख रुपए की एक मशीन लेकर आए हैं, जिसमें आर-ओ और पैक्ड वॉटर को और प्यूरीफाई किया जाता है। यह मशीन उनके कमरे में ही रखी है, जिसके बारे में होटल स्टाफ को भी ज्यादा जानकारी नहीं है। खिलाड़ियों की डाइट को देखते हुए बीसीसीआई ने होटल में स्पेशल शेफ भेजा है। सुबह जिम से लेकर लंच और डिनर में भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग तरह की डाइट लेते हैं। शेफ हर खिलाड़ी की डाइट के हिसाब से भोजन बनाता है। शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने रेस्ट किया, न्यूजीलैंड ने प्रैक्टिस की। शनिवार को भारतीय टीम भी प्रैक्टिस करेगी। विराट की डाइट में हरी ग्रिल्ड सब्जियां, स्प्राउट्स और सूप विराट कोहली की डाइट में उबला और स्टीम्ड खाना शामिल रहता है। उनके नाश्ते में स्प्राउट, नींबू के साथ ग्रीन टी और खाने में हरी ग्रील्ड सब्जियां, दाल, रायता और सूप शामिल होता है। रोहित शर्मा की डाइट में बादाम, स्प्राउट, ओट्स, फ्रूट, पनीर, सब्जी, दाल और चावल शामिल रहता है। इसके साथ ही अन्य खिलाड़ी भोजन में चिकन, मछली, अंडे, ब्राउन राइस, दालें, नट्स के साथ हाइड्रेट रहने के लिए नारियल पानी और ग्रीन टी लेते हैं। एमपीसीए को फीस के रूप में ही मिलेंगे डेढ़ करोड़ रुपए होलकर स्टेडियम में वनडे इंटरनेशनल मैच की मेजबानी के लिए एमपीसीए को बीसीसीआई करीब 1.5 करोड़ फीस देता है। इसके अलावा टिकट बिक्री, कॉर्पोरेट बॉक्स, स्पॉन्सरशिप, स्टेडियम में ब्रांडिंग और विज्ञापन से भी आय होती है। यही फंड बाद में संभागीय क्रिकेट की गतिविधियों, ग्राउंड मेंटेनेंस, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण आदि पर खर्च किया जाता है।


