भिंड शहर में लगातार बिगड़ती सीवर सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। शहर के कई वार्डों में सीवर ओवरफ्लो, जाम लाइनें और गंदगी की शिकायतों के बीच वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद यश जैन द्वारा की गई शिकायत को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। मामले में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने नगर पालिका परिषद भिंड के सीएमओ यशवंत वर्मा को फोन पर तलब करते हुए तत्काल व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए हैं। भिंड शहर की सीवर सफाई व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह बदहाल स्थिति में है। शहर के मुख्य इलाकों सहित कई वार्डों में सीवर चैम्बर जाम, लाइन ओवरफ्लो और अधूरे कनेक्शन के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे न केवल आमजन को परेशानी हो रही है, बल्कि शहर की स्वच्छता और छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। इस स्थिति को लेकर वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद यश जैन ने कलेक्टर को शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में नगर पालिका परिषद भिंड के सीवर विभाग में पदस्थ सुपरवाइजर नरेश पर गंभीर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाए गए हैं। पार्षद का कहना है कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय से अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहा है, जिससे पूरे वार्ड के साथ-साथ मुख्य शहर क्षेत्र में सीवर की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सुपरवाइजर न तो फोन पर उपलब्ध रहता है और न ही शिकायतों पर कोई कार्रवाई करता है। यहां तक कि पार्षद का मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सीवर विभाग के नोडल अधिकारी और सहायक यंत्री को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। पार्षद यश जैन ने कहा कि वार्ड क्रमांक 13 शहर का प्रमुख क्षेत्र है, जहां की समस्या का असर पूरे भिंड शहर पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि अन्य पार्षद भी इस कर्मचारी की कार्यशैली से नाराज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने सीएमओ यशवंत वर्मा को तलब कर सीवर और नालों की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


