नर्मदापुरम में कड़ाके की ठंड जारी, तापमान में हल्की बढ़त:सर्द हवाओं का दौर जारी, अगले दो-तीन दिन तापमान बढ़ने से मिलेगी राहत

नर्मदापुरम में एक बार फिर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तेज सर्द हवाओं से लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में नर्मदापुरम में तापमान 0.3 डिग्री और पचमढ़ी में 2.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। हालांकि, ठंड का असर कम नहीं हुआ है और शनिवार सुबह से सर्द हवाएं लगातार जारी हैं। मौसम वैज्ञानिक वाहिद खान ने बताया कि नर्मदापुरम में मौसम फिलहाल स्थिर बना हुआ है। अगले चार-पांच दिन जिले में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में हल्की बढ़त हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ लगातार बन रहे हैं, जिसके कारण तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में नर्मदापुरम और पचमढ़ी में रात के न्यूनतम तापमान में बढ़त दर्ज की गई। नर्मदापुरम में रात का तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस और दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पचमढ़ी में रात का तापमान 6 डिग्री और दिन का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *