दौसा में बदमाशों ने एक प्राइवेट कंपनी के एटीएम में लूट का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटनाक्रम बीती देर रात सदर थाना क्षेत्र के भांडारेज कस्बे का है, जहां नकाबपोश बदमाशों ने एटीएम को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस ने पहुंच घटनास्थल का मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। यहां बदमाशों ने पहले एटीएम पर अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे किया और उसके बाद मशीन खोलने का प्रयास किया। संभवतया इस दौरान किसी के आने से बदमाश मौके से भाग छूटे। कैमरों पर स्प्रे से पहले सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश नकाब लगाए हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि बताया जा रहा है प्राइवेट कंपनी के एटीएम में सुबह पैसे डाले जाते हैं और शाम को वापस निकाल लिए जाते हैं। एटीएम में पैसे रखने की अधिकतम सीमा भी 50 हजार रुपए बताई जा रही है, ऐसे में लूट की वारदात को अंजाम देने आए बदमाशों को सफलता नहीं मिली। मामले को लेकर सदर थाना इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि एटीएम में लूट के प्रयास से नकाबपोश बदमाश द्वारा सीसीटीवी पर स्प्रे किया गया, लेकिन उसे वारदात को अंजाम देने में सफलता नहीं मिली। मौके से साक्ष्य जुटाकर बदमाश की तलाश की जा रही है।


