धौलपुर पुलिस ने घरों में घुसकर लाखों रुपए और आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। निहालगंज थाना पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सरगना अरमान उर्फ वीडियो को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक गिरोह के तीन सदस्य पकड़े जा चुके हैं, जिनसे करीब एक दर्जन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 70 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन में निहालगंज थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई। घटना 26 दिसंबर 2025 को सामने आई थी, जब मानसरोवर कॉलोनी, धौलपुर निवासी श्वेता तिवारी ने निहालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी और जेवरात चुरा ले गए। इस पर निहालगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार ठिकाने बदलने के कारण आरोपी पुलिस से बचते रहे, लेकिन पुलिस ने पहले साहिल पुत्र रसूल खान और अरमान पुत्र सहजाद को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 13 जनवरी 2026 को गिरोह के मुख्य आरोपी अरमान उर्फ वीडियो पुत्र भरोसी को सुआ का बाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र (राजाखेड़ा बाईपास, महाराणा प्रताप नगर, अन्य कॉलोनियां) और कोतवाली थाना क्षेत्र (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) में चोरी की कई वारदातें कबूल की हैं। उसने मुरैना और करौली में भी चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने बताया कि वे दिन में कॉलोनियों में रैकी करते थे। बंद घरों को चिह्नित करने के बाद वे रात में पाइप रिंच और सरिया का उपयोग कर ताले तोड़कर चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस द्वारा चोरी किए गए शेष आभूषणों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी और अन्य अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


